Uttarakhand Accident - दर्दनाक हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी में समाया वाहन, पांच लोगों की मौत
Uttarakhand Accident - उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर जाते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने नदी किनारे तलाशी के दौरान पांच लोगों के शव बरामद किए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य दो लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश अभियान चला रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


