Uttarakhand Accident - उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार युवक घायल

 | 
Uttarakhand Accident - उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार युवक घायल

Uttarakhand Accident - उत्तरकाशी जनपद के नौगांव–पुरोला मोटर मार्ग पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। सौंदाड़ी गांव के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार वाहन देहरादून से मोरी की ओर जा रहा था। नौगांव से करीब 12 किलोमीटर आगे सौंदाड़ी के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।

रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया - 
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सीएचसी पुरोला पहुंचाया गया। घायलों की पहचान हिमांशु रावत (18) निवासी कुनारा, रितिक रावत (18) निवासी सालारा, अभिषेक (18) निवासी कोट गांव और चुनू (16) निवासी भितरी के रूप में हुई है। सीएचसी पुरोला के प्रभारी चिकित्सक डॉ. मनोज असवाल ने बताया कि रितिक और अभिषेक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे - 
गौरतलब है कि हाल ही में अदनी–रौंतल मोटर मार्ग पर हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे। इसके अलावा धरासू–जोगत मार्ग पर खड़ाखाल के पास वाहन खाई में गिरने से एक महिला की मौत और पांच लोग घायल हो गए थे। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

WhatsApp Group Join Now