Uttarakhand Accident - हल्द्वानी से पहाड़ जा रही कार का हुआ दर्दनाक हादसा, खाई में गिरने से लगी आग, दो की मौत
Uttarakhand Accident - उत्तराखंड के चंपावत जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। चंपावत-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बापरू क्षेत्र के पास एक कार करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरते ही कार में आग लग गई, जिससे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना क्षेत्र की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से करीब दो किलोमीटर आगे बंतोली गांव के ऊपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में जोरदार धमाका हुआ और वाहन आग की लपटों में घिर गया।
हादसे में कार चालक राजेंद्र कुमार (48) निवासी अतेड़ा, डीडीहाट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार बलदेव कुमार (36) निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ की कार में जलकर मौत हो गई। दुर्घटना में नीतू देवी (36) पत्नी बलदेव कुमार, उनकी आठ वर्षीय बेटी अक्षिता और पांच वर्षीय पुत्र आरव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर आपातकालीन वाहन के जरिए उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
