उत्तराखंड - गंगा स्नान के दौरान माता-पिता के सामने बहा यहाँ का युवक बहा, तलाश में जुटी एसडीआरएफ
ऋषिकेश - तीर्थनगरी ऋषिकेश के मुनिकीरेती क्षेत्र स्थित साईं घाट पर गंगा स्नान के दौरान हरियाणा के रोहतक निवासी एक 20 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।एसडीआरएफ, पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार रोहतक (हरियाणा) निवासी शुभम अपने माता-पिता के साथ धार्मिक यात्रा पर ऋषिकेश आया था। सोमवार को परिवार साईं घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान गंगा का बहाव अचानक तेज हो गया और शुभम का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी की ओर बहने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण सभी प्रयास विफल रहे। कुछ ही क्षणों में युवक पानी में ओझल हो गया। बेटे को आंखों के सामने बहता देख माता-पिता बदहवास हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों, रेस्क्यू बोट और अन्य संसाधनों की सहायता ली जा रही है। हालांकि गंगा का बढ़ा हुआ जलस्तर और तेज बहाव अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है।
घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया था और खोजबीन जारी थी।
