हल्द्वानी - मुख्यमंत्री धामी बोले केंद्रीय बजट 2026 देश के भविष्य की मजबूत आधारशिला, सकारात्मक बदलाव वाला बताया बजट
हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026 को देश के भविष्य की मजबूत आधारशिला बताया है। हल्द्वानी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में विश्वास और विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में इको टूरिज्म और पर्वतीय ट्रेल के विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला है। इससे भविष्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, किसान सशक्त होंगे, महिला सशक्तिकरण को नया बल मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार व अवसरों का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने इसे पर्वतीय राज्यों के विकास को गति देने वाला बजट बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने हवाई सेवाओं के विस्तार और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने को बजट की बड़ी उपलब्धि बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में उत्तराखंड को ऐतिहासिक सौगात मिली है। राज्य को 4769 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया गया है, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में लगभग 26 गुना अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 उत्तराखंड के समग्र विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
