UKSSSC पेपर लीक मामला, सीबीआई ने पूर्व बेरोजगार संघ अध्यक्ष बॉबी पंवार को किया तलब, कल होगी पूछताछ

 | 
UKSSSC पेपर लीक मामला, सीबीआई ने पूर्व बेरोजगार संघ अध्यक्ष बॉबी पंवार को किया तलब, कल होगी पूछताछ

देहरादून - उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में सीबीआई ने अब पूर्व बेरोजगार संघ अध्यक्ष बॉबी पंवार को तलब किया है। सीबीआई सोमवार को उनसे पूछताछ करेगी। याद दिला दें कि 21 सितंबर को हुई इस परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र से पेपर के तीन पन्ने लीक हो गए थे। इस मामले की जानकारी सबसे पहले बॉबी पंवार के पास पहुंची थी, जिन्होंने मीडिया के सामने पेपर लीक का खुलासा किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि हरिद्वार के बहादरपुर जट स्थित केंद्र से पेपर लीक हुआ था। इसमें परीक्षार्थी खालिद ने पेपर मोबाइल में छिपाकर अपनी बहन साबिया को भेजा, जिन्होंने इसे सहायक प्रोफेसर सुमन चौहान को पहुंचाया। सुमन टिहरी गढ़वाल के शहीद श्रीमति हंसा धनई राजकीय महाविद्यालय में पढ़ाती थीं। पुलिस ने 22 सितंबर को सुमन चौहान को हिरासत में लिया और खालिद और साबिया को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि सुमन जानबूझकर इस षड्यंत्र में शामिल नहीं थीं।

इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संस्तुति पर सरकार ने सीबीआई जांच की मंजूरी दी। 26 अक्टूबर को सीबीआई ने मुकदमा दर्ज किया। प्राथमिक जांच में सुमन चौहान को षड्यंत्र में शामिल पाए जाने पर शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेजा गया। बॉबी पंवार ने कहा, “काफी समय से सोच रहा था कि सीबीआई जांच शुरू हुए काफी दिन बीत गए, पर बुलावा नहीं आया। देर आए दुरुस्त आए। सोमवार को बुलावा मिला है। सीबीआई पूछताछ में हमारी तरफ से पूरा सहयोग रहेगा। हमने ही इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी।

WhatsApp Group Join Now