UK Board Result 2026 - उत्तराखंड बोर्ड के रिजल्ट का काउंटडाउन शुरू, जानिए कब आएगा परीक्षा परिणाम
देहरादून/रामनगर - उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म होने वाला है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित करने जा रहा है। परिषद की ओर से मिले संकेतों के अनुसार, इस साल रिजल्ट 24 से 27 अप्रैल 2026 के बीच जारी किया जा सकता है। परिषद के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने जानकारी दी है कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 10 अप्रैल तक पूरी तरह समाप्त हो चुका है। वर्तमान में मुख्यालय में डेटा पंचिंग और उसकी गहन जांच अंतिम चरण में है। इसके बाद परिणाम समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें रिजल्ट जारी करने की अंतिम तिथि पर मुहर लगेगी।
इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में कुल 2,15,252 छात्र शामिल हुए थे। इनमें हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) के 1,12,266 और इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) के 1,02,986 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं।
नई सुविधा से छात्रों को राहत -
इस बार छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। सभी स्कूलों को अलग पोर्टल और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे छात्र अपने विद्यालय में ही आसानी से परिणाम देख सकेंगे। इसके अलावा, आधिकारिक वेबसाइट पर भी रिजल्ट उपलब्ध रहेगा।
कहां और कैसे देखें रिजल्ट?
छात्र अपने परिणाम निम्न माध्यमों से देख सकते हैं: आधिकारिक वेबसाइट: ubse.uk.gov.in
डिजीलॉकर: results.digilocker.gov.in
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड पहले से तैयार रखें, ताकि रिजल्ट जारी होते ही बिना किसी परेशानी के अपना स्कोरकार्ड देख सकें। उत्तराखंड बोर्ड 2026 के परिणाम अब कुछ ही दिनों की दूरी पर हैं। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्सुकता अपने चरम पर है। अब सभी की नजरें परिषद की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं।
