हल्द्वानी - रॉन्ग साइड से आए ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर, बाइक में लगी भीषण आग

 | 
हल्द्वानी - रॉन्ग साइड से आए ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर, बाइक में लगी भीषण आग

 

हल्द्वानी - बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक की टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में आग लग गई और वह देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार लालकुआं वार्ड नंबर-4 निवासी सिद्धार्थ सिंह (26) अपने साथी अयान खान के साथ बाइक से मोतीनगर से गोरापड़ाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोतीनगर की ओर रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और बाइक में आग लग गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान सिद्धार्थ सिंह ने दम तोड़ दिया। अयान खान का अस्पताल में गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि हादसा मंडी चौकी क्षेत्र में हुआ है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

रॉन्ग साइड वाहन संचालन पर लोगों ने जताई चिंता - 
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तीनपानी से गोरापड़ाव तक कई ट्रक, कार और दोपहिया वाहन चालक शॉर्टकट के लिए अक्सर रॉन्ग साइड से वाहन चलाते हैं, जिससे इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

नागरिकों ने प्रशासन से तीनपानी और गोरापड़ाव क्षेत्र में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने, रॉन्ग साइड चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सीसीटीवी निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

WhatsApp Group Join Now