उत्तराखंड - विजिलेंस की दो बड़ी कार्रवाई, 45 हजार रूपये की रिश्वत लेते दो अधिकारी गिरफ्तार, ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा

 | 
उत्तराखंड - विजिलेंस की दो बड़ी कार्रवाई, 45 हजार रूपये की रिश्वत लेते दो अधिकारी गिरफ्तार, ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा

उत्तराखंड - भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने मंगलवार को हरिद्वार में लगातार दो बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए सरकारी योजनाओं से जुड़ी फाइलें आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले दो अधिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में अधिकारियों ने कुल ₹45 हजार की रिश्वत मांगी थी। विजिलेंस टीम ने एक कार्रवाई में ₹10 हजार और दूसरी में ₹35 हजार की रिश्वत लेते आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पहली कार्रवाई में शिकायतकर्ता के भाई को कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में ₹10 हजार रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल, हाल तैनाती विकासखंड खानपुर, हरिद्वार पर है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की ट्रैप टीम ने जाल बिछाया और मंगलवार को आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

इसी दिन विजिलेंस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार पुत्र रमेश चंद्र, निवासी आदर्श कॉलोनी, लक्सर, हाल तैनाती नारसन ब्लॉक, हरिद्वार को ₹35 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि युवा मंगल कल्याण दल के माध्यम से फूलों की खेती के लिए मिलने वाले सरकारी अनुदान की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में अधिकारी ने शिकायतकर्ता से ₹35 हजार की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

एक ही दिन में विजिलेंस की दो कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि सरकारी योजनाओं और अनुदान से जुड़ी फाइलों के निस्तारण में रिश्वतखोरी के खिलाफ सतर्कता विभाग सख्त रुख अपना रहा है।

WhatsApp Group Join Now