हल्द्वानी - 1.155 किलो चरस के साथ काठगोदाम में दो तस्कर गिरफ्तार, पहाड़ से लाकर बेचते थे मनोज और संजय
हल्द्वानी - नशा मुक्ति अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर, काठगोदाम के पास चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। तलाशी में मनोज चंद्र के कब्जे से 609 ग्राम और संजय चंद्र के कब्जे से 546 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के पास से बरामद चरस का कुल वजन 1.155 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 को भी कब्जे में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज चंद्र (29) पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, जनपद चंपावत तथा संजय चंद्र (30) पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी अनरिया, तहसील पाटी, जनपद चंपावत के रूप में हुई है।मामले में कोतवाली काठगोदाम में मुकदमा अपराध संख्या 116/26 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


