उत्तराखंड - फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गाटर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत, हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे दोनों
हरिद्वार - शांतरशाह चौकी क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के नीचे शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ यात्रियों की मौत हो गई। विश्राम के दौरान भारी लोहे का गाटर अचानक खिसककर दोनों युवकों के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल दोनों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। मृतकों की पहचान तनुज कुमार (21) पुत्र निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर, जिला गाजियाबाद तथा कृष्णा (22) निवासी शकुरपुर, मोदीनगर, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने घर लौट रहे थे।
बताया गया कि यात्रा के दौरान दोनों बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर आराम करने के लिए बैठ गए। वहीं पास में रखे भारी लोहे के गाटरों में से एक अचानक खिसक गया और दोनों के ऊपर आ गिरा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मलबे के नीचे से निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के साथ चल रहे अन्य कांवड़ यात्रियों में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, जिलाधिकारी ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
