उत्तराखंड - भीषण सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर

 | 
उत्तराखंड - भीषण सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर

उत्तराखंड - हरिद्वार जिले के रुड़की में कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

हादसा सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव के पास कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लिया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार राजा (19) पुत्र अर्जुन सिंह निवासी बहादपुर खादर, थाना लक्सर, शिवम (19) पुत्र हंशलाल निवासी बहादपुर खादर तथा जसवीर (24) पुत्र वीर सिंह निवासी वार्ड नंबर-4, लक्सर पिरान कलियर से रुड़की की ओर आ रहे थे। दूसरी बाइक पर ज्ञानू (27) पुत्र राजकुमार और दीपक कुमार (25) पुत्र सुशील कुमार, दोनों निवासी रोहाना कला, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), सवार थे।

हादसे में राजा और जसवीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल ज्ञानू को हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि शिवम को एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उपचार के दौरान दीपक कुमार की भी मौत हो गई। दोनों घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

WhatsApp Group Join Now