नैनीताल - विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादलों पर व्यापार मंडल नाराज, आंदोलन की चेतावनी
नैनीताल - जिला मुख्यालय स्थित बी.डी. पांडे राजकीय चिकित्सालय से छह विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले किए जाने और उनके स्थान पर अब तक नए विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने पर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, मल्लीताल ने कड़ा विरोध जताया है। व्यापार मंडल ने इस संबंध में कुमाऊँ आयुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन स्वास्थ्य निदेशक डॉ. वी.के. पुनेरा को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी और महामंत्री त्रिभुवन फर्त्याल ने कहा कि बी.डी. पांडे चिकित्सालय कुमाऊँ मंडल के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल है। सड़क दुर्घटनाओं में घायल पर्यटक और स्थानीय लोग, हृदयाघात, गंभीर बीमारियों तथा जटिल प्रसव जैसे मामलों में मरीजों को इसी अस्पताल में लाया जाता है। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले कर दिए गए, लेकिन उनके स्थान पर नए विशेषज्ञों की नियुक्ति नहीं की गई, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
व्यापार मंडल ने कुमाऊँ आयुक्त से तबादलों पर पुनर्विचार करते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण निरस्त कराने की सिफारिश करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापार मंडल आंदोलन करने को बाध्य होगा।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से बढ़ी चिंता-
बी.डी. पांडे चिकित्सालय की पीएमएस प्रभारी डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि अस्पताल से छह विशेषज्ञ चिकित्सकों का तबादला किया गया है, जबकि उनके स्थान पर अभी तक किसी विशेषज्ञ की नियुक्ति नहीं हुई है। हालांकि कुछ सामान्य चिकित्सकों की नियुक्ति की सूचना मिली है, लेकिन उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि जिन विशेषज्ञों का स्थानांतरण हुआ है, उनमें वरिष्ठ फिजिशियन, जनरल सर्जन, ईएनटी विशेषज्ञ, ऑर्थोपेडिक सर्जन तथा पैथोलॉजिस्ट शामिल हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए अस्पताल प्रशासन शासन के निर्णय की प्रतीक्षा कर रहा है। फिलहाल संबंधित चिकित्सकों को कार्यमुक्त नहीं किया गया है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शासन नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति कब तक करता है, ताकि जिला मुख्यालय के इस प्रमुख अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
