उत्तराखंड - विधानसभा चुनाव की तैयारियां हुई तेज, बिहार से पहुंचीं इतनी हजार नई ईवीएम मशीनें

 | 
उत्तराखंड - विधानसभा चुनाव की तैयारियां हुई तेज, बिहार से पहुंचीं इतनी हजार नई ईवीएम मशीनें

देहरादून - उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने चुनावी तैयारियों को गति देते हुए बिहार से नई ईवीएम मशीनें मंगाई हैं। प्रदेश में छह हजार वीवीपैट, 2.5 हजार बैलेट यूनिट और 12,500 कंट्रोल यूनिट पहुंच चुकी हैं। नई मशीनों के शामिल होने के बाद राज्य में चुनाव के लिए उपलब्ध संसाधनों में बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में प्रदेश में कंट्रोल यूनिट की संख्या करीब 23 हजार, बैलेट यूनिट करीब 27 हजार और वीवीपैट मशीनों की संख्या लगभग 21 हजार हो गई है।

प्रदेश की मौजूदा सरकार का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है। इससे पहले विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसी को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।  राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरा चरण जारी है। यह प्रक्रिया 15 सितंबर तक पूरी होने की संभावना है। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पूरी तरह चुनावी तैयारियों में जुट जाएगा।

एसआईआर के साथ ही प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। पहले जहां 11,733 मतदान केंद्र थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 12,453 हो गई है। चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर एक से अधिक कंट्रोल और बैलेट यूनिट की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नई मशीनों की मांग की गई थी।

एफएलसी जांच के बाद उपयोग में लाई जाएंगी मशीनें - 
निर्वाचन विभाग के अनुसार, राज्य में पहुंची नई ईवीएम मशीनों की जल्द ही प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की जाएगी। इसमें मशीनों की तकनीकी गुणवत्ता और कार्यक्षमता की जांच की जाएगी, ताकि चुनाव के समय किसी भी तरह की तकनीकी परेशानी न हो। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने बताया कि नई मशीनों की जांच प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इससे चुनाव प्रक्रिया को अधिक सुचारु, पारदर्शी और विश्वसनीय तरीके से संपन्न कराने में मदद मिलेगी।

WhatsApp Group Join Now