हल्द्वानी - मेयर के लिए OBC सीट होने पर भाजपा- कांग्रेस से इन लोगों ने ठोकी दावेदारी, यह दो पुराने नाम भी हैं चर्चाओं में 

 | 

हल्द्वानी - नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं, हल्द्वानी सीट ओबीसी वर्ग के लिए सीट आरक्षित होने के बाद अब नए दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा की ओर से ओबीसी मोर्चे के जिला अध्यक्ष नन्हे कश्यप ने मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी की है। जब्कि कांग्रेस से पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष लाल सिंह पंवार ने दावेदारी कर दी है. यह देखा जाना बाकी है कि भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों के चयन में क्या रणनीति अपनाते हैं, और हल्द्वानी की राजनीति में यह आरक्षण कितना प्रभाव डालता है।


भाजपा से नन्हे कश्यप ने की दावेदारी - 
भाजपा नेता नन्हे कश्यप ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की, जहां उन्होंने सभी से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार घोषित करेगी, वह सर्वमान्य होगा। आरक्षण सूची जारी होने के बाद नगर निगम, नगर पंचायत, और नगर पालिका चुनावों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। वर्तमान में आरक्षण को लेकर आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है, जो एक सप्ताह तक जारी रहेगी। इसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

कांग्रेस ने पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष लाल सिंह पंवार की दावेदारी - 
कांग्रेस पार्टी के संभावित दावेदारों में लाल सिंह पवार का नाम सबसे प्रमुखता से उभर कर सामने आया है। ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर लाल सिंह पवार को एक मजबूत उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। उनकी लोकप्रियता का कारण उनके सामाजिक कार्य, युवाओं के बीच उनकी पहचान और उनके शांत व मिलनसार स्वभाव को माना जा रहा है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में उनके अनुभव और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ उनके जुड़ाव ने उनकी छवि को और भी मजबूती दी है।


नवीन वर्मा और गजराज बिष्ट का नाम भी चर्चाओं में - 
अगर भाजपा और कांग्रेस के पुराने और दिग्गज नेताओं की बात करें तो भाजपा से मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष गजराज बिष्ट और कांग्रेस से दावेदारी करने वाले व्यापारी नेता नवीन वर्मा का नाम भी चर्चाओं में है. यह दोनों भी OBC से ही आते हैं अब देखना होगा भाजपा और कांग्रेस किस पर अपना दांव लगाती हैं।  


 

WhatsApp Group Join Now