देहरादून - पहाड़ के इन चार जिलों को HDFC बैंक CSR से मिली आधुनिक एंबुलेंस की सौगात, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी
देहरादून - उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एचडीएफसी बैंक ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत चार अत्याधुनिक एंबुलेंस राज्य को समर्पित की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से इन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले चरण में ये एंबुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं देंगी। इन एंबुलेंस को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आपातकालीन सुविधाओं से लैस किया गया है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होता है और ऐसे में निजी संस्थाओं का सहयोग सराहनीय है।
सीएम धामी ने एचडीएफसी बैंक की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन, धार्मिक आयोजनों और दूरस्थ क्षेत्रों में ये एंबुलेंस काफी उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने भविष्य में हरिद्वार कुंभ और अन्य पर्वतीय जिलों के लिए भी इसी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों ने बताया कि अगले तीन वर्षों तक प्रत्येक एंबुलेंस में डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी बैंक की ओर से की जाएगी। इससे मरीजों को सिर्फ परिवहन ही नहीं, बल्कि रास्ते में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी मिल सकेगी। राज्य सरकार का मानना है कि जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। यही कारण है कि सरकार निजी संस्थाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत जनहित के कार्यों में आगे आने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
