कालाढूंगी - पांच वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम, आंगन में खेलते हुए ऐसे हो गया हादसा
नैनीताल - कुमाऊं मंडल के कालाढूंगी क्षेत्र में एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 7 में रविवार देर शाम एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम सिंह अधिकारी की पांच वर्षीय बेटी हस्मिता अधिकारी, जिसे परिवार में प्यार से “गौरी” कहा जाता था, घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते समय वह लोहे के स्लाइडिंग गेट पर झूलने लगी। इसी दौरान अचानक गेट अपने ट्रैक से निकल गया और सीधे बच्ची के ऊपर गिर पड़ा।
हादसे में बच्ची के सिर पर गंभीर चोट आई। परिजन आनन-फानन में उसे कालाढूंगी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस आंगन में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता रामनगर गैस एजेंसी में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
