लालकुआं - टैक्सी स्टैंड में चालक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिवार में मचा कोहराम, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
लालकुआं - नगर के टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई, जहां एक टैक्सी चालक अपनी ही कार के अंदर मृत अवस्था में पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। जानकारी के अनुसार, बागेश्वर नंबर की टैक्सी (यूके02टीए-3059) लंबे समय से स्टैंड पर खड़ी थी। जब चालक की ओर से कोई हलचल नहीं दिखी तो आसपास के लोगों को शक हुआ। जांच करने पर चालक सीट पर बेसुध अवस्था में मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। चिकित्सकीय जांच में चालक को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान मदन राम (42 वर्ष), निवासी ग्राम आरे, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रह रहा था। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में टैक्सी चालक भी मौके पर पहुंच गए।
कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम वाहन और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
