हल्द्वानी - शादी की पहली वर्षगांठ पर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
लालकुआं - नगर के अंबेडकर नगर वार्ड संख्या-1 में एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार अंबेडकर नगर निवासी मोहिन खान की पत्नी अंजुम (पारिवारिक नाम ज्योति) की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अंजुम का विवाह पिछले वर्ष मई माह में हुआ था। शादी के एक वर्ष पूरे होने के दौरान हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका का मायका हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में है। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग लालकुआं पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष की ओर से प्राप्त तहरीर और आरोपों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
