नैनीताल - यहां दो नाली की लीज़ पर बनी मस्जिद का परिसर 43 नाली तक पहुंचा, प्रशासन की टीम ने शुरू की जांच
भवाली (नैनीताल) - भवाली के भूमियाधार रोड पर बनी एक मस्जिद को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया गया कि मस्जिद प्रबंधन ने दो नाली में मिली जमीन के आसपास करीब 43 नाली सरकारी भूमि पर कब्जा कर चारदीवारी बना दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। नैनीताल प्रशासन ने राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा। प्रारंभिक निरीक्षण में पाया गया कि मस्जिद परिसर लगभग 45 नाली क्षेत्रफल में फैला हुआ है और पूरी भूमि के चारों ओर चारदीवारी बनाई गई है।
1924 की लीज़ में सिर्फ दो नाली भूमि दी गई थी -
वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 1924 में मस्जिद के लिए 5016 वर्गफुट — यानी लगभग दो नाली पांच मुट्ठी भूमि— लीज पर दी गई थी। वर्तमान स्थिति इसकी तुलना में काफी अधिक पाई गई, जिसके आधार पर आसपास की भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका जताई जा रही है।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि अभी यह देखा जा रहा है कि मस्जिद परिसर का विस्तार कब-कब हुआ, किन परिस्थितियों में निर्माण बढ़ा, और क्या-क्या संरचनाएं बाद में जोड़ी गईं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।
जिले में धार्मिक संरचनाओं पर कब्जों की जांच तेज -
नैनीताल जिले में सरकारी भूमि पर बनी अवैध धार्मिक संरचनाओं की जांच पहले से ही चल रही है। पूर्व में वीरभट्टी और नैनीताल की मुख्य मस्जिद की जमीन को लेकर भी ऐसे ही मामले सामने आ चुके हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में अर्धसैनिक बलों के सम्मेलन में कहा कि “सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनी धार्मिक संरचनाएं हटाई जा रही हैं। देवभूमि के सांस्कृतिक स्वरूप को किसी भी हाल में बदलने नहीं दिया जाएगा।” प्रशासन अब रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की दिशा तय करेगा।
