हल्द्वानी - दमुवाढूंगा में मालिकाना हक की राह आसान, ड्रोन से डिजिटल सर्वे पूरा, वर्षों के संघर्ष के बाद जगी ग्रामीणों की उम्मीद

 | 
हल्द्वानी - दमुवाढूंगा में मालिकाना हक की राह आसान, ड्रोन से डिजिटल सर्वे पूरा, वर्षों के संघर्ष के बाद जगी ग्रामीणों की उम्मीद

हल्द्वानी - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर दमुवाढूंगा क्षेत्रवासियों को भूमि का मालिकाना हक दिलाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। क्षेत्र के सीमांकन, सर्वे और बंदोबस्ती की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। प्रशासन ने ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र का डिजिटल सर्वे कर पीलर स्थापित किए हैं। राजस्व प्रशासन ने सर्वे और अभिलेख से संबंधित आवश्यक कार्यवाही भी पूरी कर ली है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि दमुवाढूंगा में निवासरत पात्र लोगों के अधिकार और हिस्सेदारी से संबंधित अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं। स्वामित्व योजना के तहत पात्र क्षेत्रवासियों को उनकी भूमि से जुड़े अधिकारों के दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए रिकॉर्ड तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

ड्रोन से डिजिटल बंदोबस्ती की पहल -
दमुवाढूंगा में सीमांकन और बंदोबस्ती का कार्य आधुनिक तकनीक के जरिए किया जा रहा है। ड्रोन से क्षेत्र का सर्वे कर डिजिटल अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार इससे बंदोबस्ती की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी।

वर्षों के संघर्ष के बाद जगी उम्मीद
दमुवाढूंगा के लोग लंबे समय से अपनी भूमि पर मालिकाना हक की मांग करते रहे हैं। सरकार की ओर से मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार का आभार जताया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मालिकाना हक की प्रक्रिया जल्द पूरी कर पात्र लोगों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि पात्र लोगों के भू-अधिकारों से संबंधित अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया नियमानुसार तेजी से पूरी की जा रही है। इसके पूरा होने के बाद दमुवाढूंगा के पात्र निवासियों को उनकी भूमि से जुड़े अधिकारों के दस्तावेज उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

WhatsApp Group Join Now