हल्द्वानी - शहर में यहां युवक का शव मिलने से सनसनी, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा, पुलिस ने शुरू की जांच

 | 
हल्द्वानी - शहर में यहां युवक का शव मिलने से सनसनी, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा, पुलिस ने शुरू की जांच

 

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कमलुवागांजा स्थित खन्ना होटल के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान दीपक भट्ट (41) पुत्र उर्वादत्त भट्ट, निवासी इंदिरापुरम कॉलोनी, हरीपुर नायक, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं।पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 6:47 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कमलुवागांजा रोड पर एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मृत पाया। घटनास्थल पर उसकी चप्पलें सड़क पर बिखरी हुई मिलीं, जिसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।

मृतक की भाभी रेनू भट्ट ने पुलिस को बताया कि दीपक शराब पीने का आदी था और उसका उपचार चल रहा था। चिकित्सकों ने उसे शराब का सेवन न करने की सलाह दी थी। गुरुवार रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

मुखानी कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

WhatsApp Group Join Now