नैनीताल - यहां होटल में युवक की संदिग्ध मौत, गर्लफ्रेंड के साथ घूमने आया था सुमित, जांच में जुटी पुलिस
नैनीताल - पर्यटन नगरी नैनीताल में एक युवक की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कोटद्वार निवासी 20 वर्षीय सुमित सिंह के रूप में हुई है, जो अपनी महिला मित्र के साथ घूमने के लिए नैनीताल आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुमित सिंह अपनी मित्र सरिता के साथ शनिवार को नैनीताल पहुंचा था। दोनों ने हल्द्वानी रोड स्थित एक होटल में कमरा किराए पर लिया था। देर रात अचानक सुमित की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि युवक को सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत हुई, जिसके बाद सरिता ने होटल कर्मचारियों को सूचना दी।
होटल कर्मी तत्काल युवक को बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचित किया। इसके बाद मृतक और युवती के परिजन नैनीताल पहुंच गए।
प्रथम दृष्टया मामला किसी दवाई के ओवरडोज के बाद हृदयघात का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। एसआई प्रवीण तेवतिया ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है तथा युवती से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
