हल्द्वानी - तहसील और एसडीएम कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, लंबित फाइलों पर जताई नाराजगी

 | 
हल्द्वानी - तहसील और एसडीएम कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, लंबित फाइलों पर जताई नाराजगी

 

हल्द्वानी - जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को हल्द्वानी तहसील और एसडीएम कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के अचानक पहुंचने से तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (एडीएम) भी उनके साथ मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले तहसील के नजारत कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों और विभिन्न फाइलों का बारीकी से परीक्षण किया। बताया गया कि डीएम संबंधित मामलों का पूरा डाटा अपने मोबाइल में लेकर पहुंचे थे और उसी के आधार पर अभिलेखों का मिलान करते हुए लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कई फाइलें लंबित मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से लंबित मामलों के संबंध में जवाब-तलब करते हुए सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाए।

तहसील कार्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां भी उन्होंने विभिन्न शाखाओं में लंबित फाइलों की जांच की और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम के औचक निरीक्षण से पूरे दिन तहसील और एसडीएम कार्यालय में हलचल बनी रही। कर्मचारियों ने लंबित अभिलेखों को दुरुस्त करने और फाइलों के निस्तारण में तेजी दिखाई।

 

 

WhatsApp Group Join Now