हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्र नेताओं के बीच बवाल, चार लोगों पर हुई एफआईआर

 | 
हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्र नेताओं के बीच बवाल, चार लोगों पर हुई एफआईआर

 

हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में शनिवार को चुनाव प्रचार के दौरान छात्र नेताओं के दो गुटों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने देर रात छात्र मानस आर्या की तहरीर पर चार छात्रों के खिलाफ मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद आरोपियों में रुद्राक्ष गोस्वामी, कार्तिक बोरा, हिमांशु भट्ट और मनोज बिष्ट शामिल हैं। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश में सर्विलांस टीम लगाई गई है।

विवाद की शुरुआत प्रचार के दौरान एक छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर हुई। छात्रा के बुलाने पर मौके पर पहुंचे मानस आर्या का आरोप है कि दूसरे पक्ष के छात्रों ने उन्हें प्राचार्य कार्यालय में जाने से रोका और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद कॉलेज परिसर में हंगामा बढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया और लाठियां फटकारकर छात्रों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। दिन में एक छात्रा ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन बाद में उसने शिकायत वापस ले ली। इसके बाद मानस आर्या की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज किया।

एफआईआर दर्ज करने में देरी का आरोप लगाते हुए मानस आर्या के समर्थक छात्र रात करीब 7:30 बजे कोतवाली पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। छात्रों का आरोप था कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने देर रात प्राथमिकी दर्ज की।

एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की लोकेशन सर्विलांस टीम के माध्यम से ट्रेस की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now