हल्द्वानी- पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से सम्पन्न
हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM) में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड खेल विभाग के सेवानिवृत्त उपनिदेशक एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी सुरेश चंद्र पांडेय (अल्मोड़ा) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रसिद्ध कवयित्री एवं लेखिका अनीता चंद्रा, डॉ. तनुजा मेलखानी, सहायक प्राध्यापक, एल.बी.एस. कॉलेज हल्दूचौड़ एवं अध्यक्ष, कल्याणी महिला समिति तथा ममता रौतेला, शिक्षाविद्, प्रशिक्षक एवं ललित कला एवं संगीत के क्षेत्र में सक्रिय समाजसेवी शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा पर आधारित मनमोहक नृत्य एवं भजन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। महाविद्यालय के संकाय सदस्य गिरीश पलड़िया द्वारा प्रस्तुत मधुर भजन ने पूरे सभागार को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने ऐसा वातावरण निर्मित किया मानो सभी उपस्थितजन वृंदावन में बैठकर जन्माष्टमी महोत्सव का आनंद ले रहे हों।
इस अवसर पर पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट अध्यक्ष नारायण पाल जी, सचिव कामिनी पाल, प्रबंध निदेशक निर्भय पाल तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल पाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह, प्रतिभा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण हेतु किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का समापन पारंपरिक दही-हांडी आयोजन के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के एक समूह ने भगवान श्रीकृष्ण की माखन-चोरी लीला का जीवंत एवं आकर्षक प्रदर्शन किया। पूरे उत्सव ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता एवं युवा प्रतिभाओं के सुंदर समन्वय का प्रेरणादायी संदेश दिया।


