हल्द्वानी - सुशीला तिवारी अस्पताल में हैरान कर देने वाली चोरी, बेटे के इलाज को लाया बैग उड़ाया, चोर ने मंदिर में बजाई घंटी - Video
हल्द्वानी - हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में रविवार तड़के एक पिता का रुपयों और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग दो शातिर चोरों ने चुरा लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी के बाद एक चोर अस्पताल परिसर में स्थित मंदिर में गया, भगवान के सामने हाथ जोड़े और घंटी बजाई। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
हल्द्वानी - सुशीला तिवारी अस्पताल में हैरान कर देने वाली चोरी, बेटे के इलाज को लाया बैग उड़ाया, चोर ने मंदिर में बजाई घंटी pic.twitter.com/rgtoAMNFrg
— News Today Network (@newstodaynetwo1) August 27, 2025
जरूरी इलाज के पैसे और दस्तावेज हुए गायब -
पीड़ित श्याम सिंह, नैनीताल के गरमपानी, खैरना क्षेत्र के निवासी हैं। उनका बेटा तनुज रावत गंभीर बीमारी से पीड़ित है, जिसे 22 अगस्त को STH में भर्ती कराया गया था। इलाज के लिए श्याम सिंह बड़ी मुश्किल से ₹25,000 नकद और बेटे के स्कूल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आए थे। बैग में ये सभी चीजें मौजूद थीं। रविवार सुबह करीब 5 बजे, जब श्याम सिंह थककर वार्ड में ही सो गए, तभी दो चोरों ने अस्पताल में घुसकर बैग चुरा लिया और मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद चोर -
चोरी के ठीक बाद, सीसीटीवी फुटेज में एक चोर अस्पताल परिसर के मंदिर में जाता दिख रहा है। वहां वह पहले हाथ जोड़ता है और फिर मंदिर की घंटी बजाता है, मानो चोरी की 'सफलता' का शुक्रिया अदा कर रहा हो। इस फुटेज के वायरल होने के बाद आमजन में रोष फैल गया है।
पुलिस जांच में जुटी, कई फुटेज खंगाले जा रहे -
पीड़ित ने तत्काल मेडिकल चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। चौकी प्रभारी बीएस मेहता ने बताया कि संदिग्धों की पहचान के लिए सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कई स्थानों पर स्केच भेजे गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। श्याम सिंह ने कहा कि यह सिर्फ पैसों की चोरी नहीं है, बल्कि बेटे के इलाज से जुड़ी पूरी उम्मीद पर चोट है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बार-बार की घटनाओं से गहराया संकट -
गौरतलब है कि STH में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। अस्पताल परिसर में पहले भी कई वारदातें हो चुकी हैं। अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। भीड़भाड़ वाले अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को अब डर के माहौल में रहना पड़ रहा है।
जनता की मांग, सुरक्षा में हो सुधार -
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में हर दिन सैकड़ों लोग इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में सुरक्षा को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। लोगों ने CCTV निगरानी बढ़ाने, पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी की मांग की है।
