हल्द्वानी - भीषण गर्मी का कहर, पारा 41 डिग्री पहुंचा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, अभी राहत के आसार नहीं
हल्द्वानी - तराई क्षेत्र में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बृहस्पतिवार को हल्द्वानी में गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण दोपहर जैसी तपन महसूस हुई।
भीषण गर्मी के चलते लोग पसीने से तरबतर नजर आए। सड़कों पर निकलने वाले अधिकांश लोग सिर ढककर और चेहरे पर कपड़ा बांधकर घरों से बाहर निकले। दोपहर के समय बाजारों, पार्कों और प्रमुख चौराहों पर सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ काफी कम दिखाई दी। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। वहीं पहाड़ों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। ठंडे मौसम के लिए मशहूर मुक्तेश्वर में भी तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया। यहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। चिकित्सकों ने लोगों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
