किच्छा - कांग्रेस विधायक पुत्र हमले का सनसनीखेज खुलासा, MLA बेहड़ बोले– बेटे ने खुद रची साजिश, अब उससे कोई नाता नहीं

 | 
किच्छा - कांग्रेस विधायक पुत्र हमले का सनसनीखेज खुलासा, MLA बेहद बोले– बेटे ने खुद रची साजिश, अब उससे कोई नाता नहीं

उत्तराखंड - किच्छा में बीते दिनों पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मामले में नया मोड़ तब आया जब सौरभ के पिता और किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने स्वयं अपने बेटे पर गंभीर आरोप लगाए। विधायक ने कहा कि उनके बेटे सौरभ बेहड़ ने अपने दोस्त इंद्रपाल के साथ मिलकर खुद पर हमले की साजिश रची थी।

तिलक राज बेहड़ ने बताया कि सौरभ ने अपने दोस्त से कहा था कि वह उसके साथ कोई घटना करवा दे, ताकि मामला बनाया जा सके। इस खुलासे के बाद विधायक ने सार्वजनिक रूप से सभी से माफी मांगी और पुलिस से भी उन लोगों पर कोई कार्यवाही नहीं करने को कहा, जिन पर पहले शक किया गया था।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने भावुक होते हुए कहा, “अपना ही सिक्का खोटा निकला। बेटे और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसका हक उसे पहले ही दे दिया गया था।” उन्होंने यह भी बताया कि बेटे द्वारा किडनी दान किए जाने के कारण उनके मन में उसके प्रति विशेष लगाव था, लेकिन अब जो सच सामने आया है, वह अक्षम्य है।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह अपने बेटे को कभी माफ नहीं कर पाएंगे। “उसने मेरी छी-छी करवा दी। उसने जो किया है, वह माफी योग्य नहीं है। मैं उससे हमेशा के लिए संबंध खत्म करता हूं। मैं उसे अपना नहीं सकता,” विधायक ने कहा।

तिलक राज बेहड़ ने पुलिस से भी सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि उनका बेटा दोषी है तो उसे मुजरिम बनाया जाए और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इस बयान के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

 किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र सौरभ राज बेहड़ पर बीते रविवार शाम बाइक सवारों ने हमला कर दिया। वह स्कूटी पर अकेले आवास विकास पुलिस चौकी जा रहे थे। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस सनसनीखेज घटना से शहर में हड़कंप मच गया था।

WhatsApp Group Join Now