नैनीताल भवाली में सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी, एसएसबी की तैनाती से बढ़ी निगरानी, जानिए क्यों लगानी पड़ी अतिरिक्त फ़ोर्स
नैनीताल - ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। इसके तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की दो कंपनियों को कैंचीधाम, भवाली और नैनीताल शहर में तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, पर्यटन सीजन में भारी भीड़ और सुरक्षा संबंधी संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। एसएसबी की एक कंपनी को मल्लीताल क्षेत्र में तथा एक प्लाटून को भवाली और कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में तैनात किया गया है।
मई माह के पहले वीकेंड से ही एसएसबी के जवान अपनी वर्दी और हथियारों के साथ मुख्य चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, कैंचीधाम मंदिर और नैनीताल हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा में तैनात हैं। इनके साथ ही ट्रैफिक पुलिस, सिविल पुलिस और अतिरिक्त बल भी लगातार ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र ने बताया कि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसएसबी की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान को मीडिया के माध्यम से आम जनता और पर्यटकों तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
