रुद्रपुर - महिला ने पति पर होटल से निकालने और वहां देह व्यापार को संरक्षण देने का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर - शहर में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसका पति न केवल उसे होटल से निकालने की कोशिश कर रहा है, बल्कि होटल के माध्यम से अनैतिक कार्यों को संरक्षण भी दे रहा है। महिला ने पति के साथ-साथ होटल मैनेजर और कर्मचारियों पर भी उत्पीड़न और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि उसका अपने पति प्रदीप से विवाद चल रहा है। इस कारण वह पति के होटल में ही अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ रह रही है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे जबरन होटल से निकालना चाहता है।
दिनांक 27 जनवरी 2025 की रात को होटल मैनेजर नितिन और कर्मचारी विशाल ने षड्यंत्र के तहत उसके सामने वाले कमरे में चार युवकों को बुलाया और बहाने से महिला को भी उस कमरे में बुलाने की कोशिश की। महिला ने बताया कि मना करने पर चारों युवक उसके कमरे का दरवाजा पीटते रहे और अश्लील बातें करते रहे। महिला का दावा है कि उसने होटल मैनेजर और युवकों को यह कहते सुना कि “आज इसे नहीं छोड़ना, इसका रेप करके ही मानेंगे।”
महिला ने किसी तरह खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई। वह सुबह तक डरी-सहमी रही और इसके बाद युवक होटल छोड़कर चले गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी होटल मैनेजर नितिन और कर्मचारी विशाल उसे लेकर अश्लील टिप्पणियां कर चुके हैं, और ये सब उसके पति प्रदीप की शह पर हो रहा है। महिला ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी पति, होटल मैनेजर नितिन और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसने खुद और अपनी बच्ची की सुरक्षा की भी मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा:
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति प्रदीप, होटल मैनेजर नितिन और कर्मचारी विशाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 352, और 85 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई नेहा राणा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
