रुद्रपुर गैंगरेप केस, क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस कस्टडी से भागे दो आरोपी, दौड़ाकर दबोचा, भीड़ ने की पिटाई
Rudrapur Gangrape Case - उधम सिंह नगर के चर्चित रुद्रपुर गैंगरेप मामले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब क्राइम सीन रिक्रिएशन के बाद पुलिस अभिरक्षा में लौट रहे दो आरोपियों ने भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने का प्रयास किया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें दोबारा पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों की पिटाई भी कर दी। पुलिस तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां वारदात का क्राइम सीन रिक्रिएट कराया गया। इसके बाद जब पुलिस उन्हें वापस कोतवाली ला रही थी, तभी रास्ते में भारी भीड़ जमा थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर दो आरोपी पुलिस की पकड़ से छूटकर भागने लगे।
आरोपियों के भागते ही पुलिसकर्मियों ने तुरंत उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों को दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कड़ी सजा की मांग भी की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद आरोपियों को सुरक्षित निकालकर कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली पहुंचाया गया।
इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अभिरक्षा में होने के बावजूद आरोपियों का भागने का प्रयास और भीड़ का उन तक पहुंच जाना सुरक्षा में चूक माना जा रहा है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार देर रात पुलिस ने रुद्रपुर गैंगरेप मामले के तीनों फरार आरोपियों को बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। आरोप है कि 25 जुलाई की रात सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। मामले की विवेचना जारी है।
