हल्द्वानी - गोरापड़ाव में फर्जी SOG बनकर डकैती, 8 लाख रुपये समेत जेवर और 12 मोबाइल लूटे
हल्द्वानी - बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने खुद को पुलिस की SOG टीम बताकर एक कमर्शियल ऑफिस कार बाजार में धावा बोल दिया। करीब 8 से 10 बदमाशों ने तमंचे के बल पर वहां मौजूद लोगों से करीब आठ लाख रुपये की नकदी, सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन और 12 मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी कार से बरेली रोड की ओर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित एक ऑफिस में कुछ लोग पार्टी के साथ जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे 8 से 10 हथियारबंद लोग ऑफिस में घुस गए और मौजूद लोगों को तमंचे दिखाकर खुद को SOG टीम का सदस्य बताया। पुलिस की कार्रवाई समझकर लोग भयभीत हो गए और किसी ने विरोध नहीं किया।
बदमाशों ने टेबल पर रखी करीब आठ लाख रुपये की रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद लोगों के हाथों से सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन उतरवा लीं। जाते समय बदमाश 12 मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिटी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया की पुलिस की सर्विलांस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
