रुद्रपुर - कांग्रेस में बगावत, 11 पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, पार्टी में मची हलचल, डैमेज कंट्रोल में जुटे हरीश रावत
रुद्रपुर - उत्तराखंड कांग्रेस में जिलाध्यक्ष पद की नियुक्ति के बाद बगावत की खबर सामने आई है। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे और वार्ड 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ समेत 11 पार्षदों ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को भेज दिया है। असंतुष्ट पार्षदों का कहना है कि रुद्रपुर में प्रभारी द्वारा रायशुमारी की गई थी, जिसमें कई लोगों ने अपना नाम सुझाया था। उन्हें विश्वास है कि जब जिम्मेदारी पहले से तय व्यक्ति को देनी थी, तो रायशुमारी की आवश्यकता नहीं थी। बीते दिन पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी बेहड़ के घर पहुंचे थे।
मंगलवार को कांग्रेस हाईकमान ने हिमांशु गावा को रुद्रपुर का जिलाध्यक्ष बनाया था। इसके अलावा ममता रानी को रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष और अलका पाल को काशीपुर महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने स्पष्ट किया कि ममता रानी से उनकी कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है, लेकिन जिलाध्यक्ष पद पर नए व्यक्ति को अवसर मिलना चाहिए था।
सामूहिक इस्तीफा देने वाले पार्षदों में वार्ड चार के सुशील मंडल, 36 के इंदरजीत सिंह, 30 के गौरव खुराना, 20 के परवेज कुरैशी, 39 के सौरभ बेहड़, तीन के शुभम दास, 27 की मधु शर्मा, 23 की अंजलि, 32 के गौरव गिरी, 13 के मो. अशफा और वार्ड 26 के शन्नो शामिल हैं।
