हल्द्वानी - गाली-गलौज और मारपीट से परेशान कॉलोनीवासियों ने खोला मोर्चा, सुरक्षा की मांग, वीडियो वायरल
हल्द्वानी - तल्ली बमौरी-लालडांट क्षेत्र की शक्तिनगर फेज-वन कॉलोनी में मजदूर क्वार्टरों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्वार्टरों में रहने वाले लोगों के बीच आए दिन विवाद, मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं होती रहती हैं। बीती रात विवाद सड़क तक पहुंचने के बाद कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने प्रदर्शन कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
हल्द्वानी - गाली-गलौज और मारपीट से परेशान कॉलोनीवासियों ने खोला मोर्चा, सुरक्षा की मांग, वीडियो वायरल pic.twitter.com/5tZr3kPVco
— News Today Network (@newstodaynetwo1) September 21, 2026
स्थानीय लोगों के मुताबिक कॉलोनी में अलग-अलग प्लाटों पर बड़ी संख्या में मजदूर क्वार्टर बनाए गए हैं। आरोप है कि इन क्वार्टरों में रहने वाले लोगों के बीच आए दिन विवाद होते हैं और कई बार मामला मारपीट तक पहुंच जाता है। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि लगातार होने वाले विवादों के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। शाम के समय महिलाओं और बेटियों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी महसूस होती है।
बीती रात भी मजदूरों के बीच विवाद के बाद मामला सड़क तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। मुखानी कोतवाल सुशील जोशी ने बताया कि बिना सत्यापन मजदूरों को क्वार्टर में रखने वाले मकान मालिक का पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि महिला पर पत्थर से हमला करने का आरोपित मजदूर मौके से फरार है। पुलिस की ओर से मजदूरों के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और पार्षद को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि क्षेत्र में बिगड़ते माहौल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है। लोगों ने मजदूर क्वार्टरों की व्यवस्था की जांच, सभी मजदूरों का सत्यापन, विवादों पर प्रभावी कार्रवाई और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


