नैनीताल - हाईकोर्ट से कांग्रेस विधायक हरीश धामी और जिलाध्यक्ष को राहत, गिरफ्तारी पर लगाई रोक, इस वजह से मुकदमा रद्द
नैनीताल - उत्तराखंड हाईकोर्ट ने धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया को राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगाई। इसके साथ ही अदालत ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने और मुकदमा निरस्त करने की मांग वाली याचिका को निस्तारित कर दिया।
सोमवार को सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि पुलिस ने 15 नवंबर को उनके और कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप लगाया गया कि इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत आवश्यक नोटिस दिए बिना ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। याचिकाकर्ताओं ने आशंका जताई कि पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार कर सकती है। ऐसे में उन्होंने गिरफ्तारी पर रोक लगाने और मुकदमा निरस्त करने की मांग की।
याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि सात वर्ष से कम सजा वाले अपराधों के मामलों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार गिरफ्तारी से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना और आवश्यक नोटिस देना जरूरी है। पुलिस ने चार लोगों की गिरफ्तारी में इन दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया। वहीं, सरकार की ओर से अदालत में कहा गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान व्यवधान उत्पन्न किया गया था। साथ ही पोडियम में तोड़फोड़ और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार मामले में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधायक हरीश धामी और जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।





