उत्तराखंड में 200 दरोगाओं की भर्ती, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन, पुलिस, पीएसी, आईआरबी, और आबकारी में भरे जाएंगे पद

 | 
उत्तराखंड में 200 दरोगाओं की भर्ती, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन, पुलिस, पीएसी, आईआरबी, और आबकारी में भरे जाएंगे पद

देहरादून - उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी उप निरीक्षक और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 200 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।

आयोग की ओर से 25 नवंबर को जारी विज्ञापन संख्या 85/2026 के तहत पुलिस, पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन और आबकारी विभाग के रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

किस विभाग में कितने पद - 
भर्ती में सबसे अधिक 93 पद उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के रखे गए हैं। इसके अलावा उप निरीक्षक अभिसूचना के 19, प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी के 81, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद शामिल हैं। प्लाटून कमांडर के सभी पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं, जबकि अन्य संबंधित पदों पर निर्धारित पात्रता के अनुसार महिला और पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

18 अप्रैल को प्रस्तावित है परीक्षा -
आयोग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में आवेदन के बाद शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को लिखित प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। लिखित परीक्षा 18 अप्रैल 2027 को प्रस्तावित की गई है। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए चार से छह जनवरी 2027 तक का समय निर्धारित किया गया है।


आवेदन से पहले देखें विज्ञापन - 
आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती का विस्तृत विज्ञापन पढ़ने की सलाह दी है। इसमें शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, शारीरिक मानक, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई है। भर्ती से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

WhatsApp Group Join Now