उत्तराखंड - अल्मोड़ा के रवि ने खुद के बनाए हेलीकॉप्टर से भरी उड़ान, भारत के पहले Personal Flying Vehicle बनाने का दावा 

 | 
उत्तराखंड - अल्मोड़ा के रवि ने खुद के बनाए हेलीकॉप्टर से भरी उड़ान, भारत के पहले Personal Flying Vehicle बनाने का दावा 

अल्मोड़ा - उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी युवा नवाचारक रवि टम्टा (Ravi Tamta Helicopter Almora)  ने अपने स्टार्टअप Hapida Sky Private Limited के तहत विकसित HAPIDA SKYNEX Prototype की सफल परीक्षण उड़ान का दावा किया है। रवि ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे भारत के पहले Personal Flying Vehicle की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


रवि टम्टा ने कहा कि HAPIDA SKYNEX की पहली सफल उड़ान उनके वर्षों के शोध, संघर्ष, प्रयोग और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उनके अनुसार भविष्य की परिवहन व्यवस्था केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोग व्यक्तिगत यात्रा के लिए आसमान का भी उपयोग करेंगे। उन्होंने सुरक्षित, इलेक्ट्रिक और नवाचार आधारित Personal Sky Mobility विकसित करने को अपना लक्ष्य बताया। रवि ने बताया कि HAPIDA SKYNEX केवल एक मशीन नहीं, बल्कि उनके लंबे समय से देखे गए सपने की पहली सफल उड़ान है। उन्होंने इसे भारत में Personal Sky Mobility के नए दौर की शुरुआत बताया।

पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं रवि टम्टा -
रवि टम्टा इससे पहले भी अपने नवाचारों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। वर्ष 2019 में उन्होंने एक इलेक्ट्रोलाइट पंप मशीन विकसित करने का दावा किया था, जिसके बारे में उनका कहना था कि इससे इलेक्ट्रिक वाहनों को बेहद कम समय में चार्ज किया जा सकता है। उस समय उन्होंने हल्द्वानी में इसका प्रदर्शन भी किया था और दावा किया था कि यह तकनीक पारंपरिक चार्जिंग के मुकाबले काफी तेज और कम लागत वाली हो सकती है।

इसके अलावा रवि ने पहले मोबाइल चार्ज करने वाले जूते और शुरुआती स्तर के हेलीकॉप्टर मॉडल जैसे प्रयोग भी किए थे। उन्होंने अपने कई नवाचारों का प्रदर्शन विभिन्न मंचों पर किया और नवाचार के क्षेत्र में लगातार कार्य करते रहे हैं। अब HAPIDA SKYNEX प्रोटोटाइप की सफल परीक्षण उड़ान के दावे के साथ रवि एक बार फिर चर्चा में हैं। हालांकि, इस प्रोटोटाइप को लेकर अभी किसी स्वतंत्र तकनीकी या नियामक संस्था की ओर से आधिकारिक पुष्टि या प्रमाणन की जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है।

WhatsApp Group Join Now