रामनगर - अवैध खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, DFO बोले 6 करोड़ का राजस्व वसूला इतने वाहन किये जब्त
रामनगर - अवैध खनन के खिलाफ तराई पश्चिमी वन प्रभाग की टीम ने रामनगर में औचक छापेमारी के दौरान सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अवैध खनन में संलिप्त दो डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया है। जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्य के निर्देशन में रामनगर वन प्रभाग की टीम ने कटियापुल क्षेत्र में सघन गश्त और निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मौके पर अवैध रूप से खनन करते हुए एक 10 टायरा और एक 6 टायरा डंपर को पकड़ लिया। वन विभाग ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कटियापुल चौकी में सुरक्षित खड़ा कर दिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
DFO प्रकाश आर्य ने बताया कि रामनगर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। अब तक की कार्रवाई में उनके द्वारा 6 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूला जा चुका है, जबकि 30 से अधिक खनन वाहनों को सरकारी संपत्ति घोषित किया जा चुका है। जब्कि इस साल अब तक 100 वाहनों को पकड़ा भी गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में वन दरोगा सुरजीत सिंह, बीट अधिकारी जगदीश प्रसाद, वन आरक्षी धीरज कुमार, वन बीट अधिकारी आशुतोष, बीट वॉचर हिमांशु व आकाश तथा वाहन चालक कमलेश इस अभियान में शामिल रहे।
