देहरादून - रजत जयंती पर देवभूमि पहुंचे पीएम मोदी, ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत, इस समय करेंगे सम्बोधित
देहरादून, 9 नवम्बर: उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देवभूमि उत्तराखंड पहुंचे। इस मौके पर राज्य भर में रजत जयंती समारोह का उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लोगों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) पहुंचकर उत्तराखंड के विकास से जुड़ी 8140 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन योजनाओं में पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की रजत जयंती पर एक विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। उन्होंने राज्य के विकास में जनता की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड आने वाले वर्षों में विकास और पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनेगा।
सुबह से ही एफआरआई मैदान में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दूर से आए लोग पारंपरिक वेशभूषा में प्रधानमंत्री को सुनने के लिए पहुंचे। उत्साह और देशभक्ति के माहौल में पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 12:30 बजे रजत जयंती समारोह में शिरकत करेंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे।
