उत्तराखंड - 80 के दशक के ट्रेंड में रंगी सियासत, AI के रेट्रो लुक में ऐसे दिखते हैं देवभूमि के सियासी धुरंधर - तस्वीरें
देहरादून - सोशल मीडिया पर छाया 80 के दशक का रेट्रो ट्रेंड अब उत्तराखंड की सियासत में भी रंग भर रहा है। एआई की मदद से नेता अपने पुराने दौर के लुक में नजर आ रहे हैं। किसी की तस्वीर में 80 के दशक की हेयरस्टाइल और पहनावा है तो कोई उस दौर के फिल्मी हीरो के अंदाज में दिखाई दे रहा है। भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कई नेता इस डिजिटल ट्रेंड का हिस्सा बन चुके हैं। तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट हो रही हैं और कमेंट बॉक्स में समर्थक नेताओं की लोकप्रियता से लेकर उनकी राजनीतिक संभावनाओं तक पर चर्चा कर रहे हैं।
रेट्रो एआई तस्वीरों का यह ट्रेंड नेताओं के लिए महज मनोरंजन तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया के इस दौर में यह अपनी छवि को हल्के-फुल्के और गैर-राजनीतिक अंदाज में लोगों तक पहुंचाने का भी एक तरीका बनता दिखाई दे रहा है। खासतौर पर युवाओं के बीच लोकप्रिय ट्रेंड का हिस्सा बनकर राजनीतिक चेहरे अपनी डिजिटल मौजूदगी को और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
यशपाल आर्य ने शेयर किया 80 के दशक वाला लुक -
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने शुक्रवार को फेसबुक पर 80 के दशक के अंदाज वाली अपनी एआई तस्वीर साझा की। तस्वीर सामने आते ही समर्थकों ने इसे लेकर प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। किसी ने उन्हें ‘हीरो’ बताया तो किसी ने ‘सुपर से ऊपर’ कहा। कुछ यूजर्स ने ट्रेंड को लेकर मजाकिया अंदाज में भी प्रतिक्रिया दी। आर्य सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले नेताओं में शामिल हैं। फेसबुक पर उनके करीब 4.22 लाख, इंस्टाग्राम पर 11.5 हजार और एक्स पर करीब 3.6 हजार फॉलोवर हैं। ऐसे में इस तरह के ट्रेंड का हिस्सा बनना उनकी डिजिटल पहुंच के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य-
धामी की तस्वीरें समर्थक पेजों पर -
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस ट्रेंड से जुड़ी पोस्ट सामने नहीं आई है। हालांकि, उनके समर्थक पेजों पर 80 के दशक के रेट्रो लुक वाली एआई तस्वीरें खूब साझा की जा रही हैं। शुक्रवार को ‘धाकड़ धामी’ नाम के फेसबुक पेज से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता धामी की रेट्रो एआई तस्वीरें साझा की गईं। तस्वीरों में दोनों को 80 के दशक की शैली में दिखाया गया है।
धामी की सोशल मीडिया पहुंच पहले से ही काफी मजबूत है। फेसबुक पर करीब 1.10 करोड़, इंस्टाग्राम पर 17 लाख और एक्स पर 5.91 लाख फॉलोवर बताए जाते हैं। ऐसे में समर्थक नेटवर्क के जरिये उनके रेट्रो लुक का सोशल मीडिया पर प्रसार भी तेजी से हो रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी -
हरीश धामी की तस्वीर पर राजनीतिक कमेंट
धारचूला विधायक हरीश धामी ने भी बृहस्पतिवार को 80 के दशक की शैली में तैयार अपनी एआई तस्वीर फेसबुक पर साझा की। तस्वीर पर आए कमेंट खासे दिलचस्प रहे। किसी समर्थक ने उन्हें भावी डिप्टी सीएम बता दिया तो किसी ने अभिनेता अनिल कपूर से उनकी तुलना कर दी। यानी सोशल मीडिया पर एक मनोरंजक ट्रेंड की शुरुआत राजनीतिक चर्चा में भी बदलती दिखाई दी। तस्वीर के बहाने समर्थकों ने नेता की छवि और भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर अपनी राय जाहिर की।
धारचूला विधायक हरीश धामी -
महेंद्र भट्ट और सुरेश गढ़िया भी बने ट्रेंड का हिस्सा -
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी फेसबुक पर 80 के दशक के अंदाज वाली तस्वीर पोस्ट की है। वहीं, बागेश्वर जिले की कपकोट विधानसभा से विधायक सुरेश गढ़िया भी इस एआई रेट्रो ट्रेंड में नजर आए। भाजपा नेताओं की इन तस्वीरों के सामने आने से साफ है कि पार्टी के नेता और उनके समर्थक सोशल मीडिया के बदलते ट्रेंड को राजनीतिक संचार के एक नए माध्यम के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, इन पोस्ट का अंदाज पूरी तरह हल्का-फुल्का और मनोरंजक रखा गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट -

कपकोट विधानसभा से विधायक सुरेश गढ़िया-
एक ट्रेंड, दो पीढ़ियों तक पहुंच -
80 के दशक के इस ट्रेंड की सबसे खास बात इसका दो पीढ़ियों से जुड़ना है। 80 और 90 के दशक को देख चुकी पीढ़ी के लिए ये तस्वीरें पुरानी यादों को ताजा करती हैं, जबकि मिलेनियल और जेनजी के लिए यही दौर एआई के जरिये एक नए डिजिटल अंदाज में सामने आ रहा है। राजनीतिक दल और नेता पहले से ही सोशल मीडिया के जरिये युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अब राजनीतिक चेहरे उन ट्रेंड्स में भी शामिल हो रहे हैं, जिनसे युवा अपनी डिजिटल पहचान और मनोरंजन को जोड़ते हैं। ऐसे में रेट्रो एआई ट्रेंड सियासी संचार के बदलते तौर-तरीकों की एक नई मिसाल बनकर सामने आया है।
मोदी-राहुल भी रेट्रो ट्रेंड में -
80 के दशक का यह डिजिटल रंग सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेट्रो लुक वाली एआई तस्वीरें भाजपा के आधिकारिक और राज्य स्तरीय सोशल मीडिया हैंडल्स पर साझा की गई हैं। वहीं, कांग्रेस सेवा दल और दूसरे सोशल मीडिया हैंडल्स पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भी एआई जनरेटेड रेट्रो तस्वीरें सामने आई हैं।
पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, शशि थरूर, चिराग पासवान और शिवराज सिंह चौहान समेत कई अन्य राजनीतिक चेहरे भी इस ट्रेंड का हिस्सा बने हैं। फिल्मी सितारों और क्रिकेटरों की रेट्रो तस्वीरों ने भी सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को और लोकप्रिय बनाया है।
अगस्त के आखिरी सप्ताह से शुरू हुआ ट्रेंड -
सोशल मीडिया पर 80 के दशक की एआई तस्वीरों का ट्रेंड अगस्त के आखिरी सप्ताह में शुरू हुआ था। नौ सितंबर के बाद सेलिब्रिटी और राजनीतिक चेहरों की रेट्रो तस्वीरें तेजी से चर्चा में आने लगीं। देखते ही देखते लाखों पोस्ट इस ट्रेंड से जुड़ गईं। #80sTrend, #80sNostalgia, #80sAI और #RetroAI जैसे हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर रेट्रो रंग छाया हुआ है। उत्तराखंड के नेताओं का इसमें शामिल होना बताता है कि सियासत अब सिर्फ मंच, पोस्टर और भाषणों तक सीमित नहीं है। नेता सोशल मीडिया के हर उस ट्रेंड का हिस्सा बनने की कोशिश कर रहे हैं, जहां से ज्यादा से ज्यादा लोगों, खासकर युवाओं तक पहुंच बनाई जा सके।
अब सवाल यह है कि 80 के दशक की यह डिजिटल चमक सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड बनकर रह जाएगी या आने वाले दिनों में यही लोकप्रियता युवाओं के मुद्दों और राजनीतिक संवाद में भी दिखाई देगी।


