नैनीताल - यहां व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरी पिकअप पकड़ी, चालक हुआ फरार, गाड़ी सीज कर चालक पर मुकदमा दर्ज 

 | 
नैनीताल - यहां व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरी पिकअप पकड़ी, चालक हुआ फरार, गाड़ी सीज कर चालक पर मुकदमा दर्ज 

नैनीताल - जिले के मंगोली क्षेत्र में देर शाम पुलिस ने चेकिंग के दौरान व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे मंगोली चौकी पर पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें 24 व्यावसायिक गैस सिलिंडर बरामद हुए। बताया जा रहा है कि ये सिलिंडर काशीपुर से नैनीताल लाए जा रहे थे।

जांच के दौरान चालक हितेश चंद्र वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की बात कही। इसी दौरान चालक और पुलिस के बीच बहस हुई और मौका पाकर चालक फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल मामले की सूचना खाद्य पूर्ति विभाग को दी। मंगलवार को कोतवाली पुलिस और खाद्य पूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 24 सिलिंडरों को जब्त कर लिया गया। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस बीच चालक के परिजन चौकी पहुंचे और पुलिस पर उत्पीड़न व अवैध वसूली के आरोप लगाए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों का कहना था कि सिलिंडरों का गेट पास बना हुआ है और इन्हें स्कूलों व होटलों में आपूर्ति के लिए भेजा गया था।
हालांकि, पुलिस ने स्कूलों की लिखित मांग या प्रबंधन से पुष्टि कराने को कहा, जिस पर परिजन संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और वहां से चले गए। कोतवाल हेम पंत ने बताया कि पिकअप को सीज कर दिया गया है और सिलिंडरों को खाद्य पूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि संबंधित पिकअप नेहा इंडेन गैस एजेंसी की है, जो पहले भी इस तरह के मामले में पकड़ी जा चुकी है। क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि वाहन चालक हितेश चंद्र निवासी मल्लीताल प्रसाद भवन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

WhatsApp Group Join Now