हल्द्वानी - चौसला अतिक्रमण मामले में पटवारी को किया गया निलंबित, जानिए कैसे लापरवाही बरतनी पड़ी भारी 
 

 | 

हल्द्वानी-  राजस्व ग्राम चौसला में फैक्ट्री निर्माण के दौरान राजकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला प्रकाश में आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक शबनम परवीन को निलंबित कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम चौसला (राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र फतेहपुर) में जुलाई 2021 में फैक्ट्री का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था, जो मार्च 2022 में पूर्ण हो गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी कालाढूंगी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि निर्माणकर्ता द्वारा फैक्ट्री निर्माण के दौरान राजकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। वहीं, अगस्त 2018 से फरवरी 2024 तक फतेहपुर क्षेत्र में तैनात रही राजस्व उप निरीक्षक शबनम परवीन ने न तो अतिक्रमण की सूचना उच्चाधिकारियों को दी, न ही राजस्व अभिलेखों (खसरा/पड़ताल) में कोई उल्लेख किया, और न ही धारा 122-बी के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की।

उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट में कहा गया है कि राजस्व उप निरीक्षक का यह कर्तव्य होता है कि अवैध कब्जे की जानकारी प्रपत्र क-24 में दर्ज कर उसे राजस्व अभिलेखों में प्रविष्ट कराएं तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करें। इन कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण शबनम परवीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए तहसील कालाढूंगी में सम्बद्ध किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


 

WhatsApp Group Join Now