उत्तराखंड - हाय, बेरोजगारी, 72 पदों के लिए 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल, कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई यह भर्ती परीक्षा 

 | 
UKSSSC Exam - उत्तराखंड - हाय, बेरोजगारी, 72 पदों के लिए 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल, कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई यह भर्ती परीक्षा

देहरादून - उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के 72 पदों पर भर्ती के लिए रविवार को लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा राज्य के देहरादून और नैनीताल जनपदों में बनाए गए 33 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में संपन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 13,674 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 11,050 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस प्रकार परीक्षा में 80.81 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

 

परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की थी। परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर की कार्यप्रणाली की मॉक ड्रिल कराई गई। आयोग मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की एआई तकनीक और कैमरों के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग की गई। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया, सदस्य श्याम सुंदर सिंह रौतेला, सचिव एनएस डुंगडियाल तथा परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मी राज चौहान सहित अन्य अधिकारी कंट्रोल रूम में मौजूद रहे और परीक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।

 

निगरानी के दौरान दो अभ्यर्थी असामान्य प्रकार की जैकेट पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचे। सुरक्षा जांच के दौरान उनकी दोबारा तलाशी ली गई और जैकेट उतरवाने के बाद ही उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई। वहीं एक परीक्षा केंद्र परिसर में खड़ी अनधिकृत ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी तत्काल हटवाया गया। गौरतलब है कि मात्र 72 पदों के लिए 11 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का परीक्षा में शामिल होना प्रदेश में रोजगार के प्रति युवाओं की बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बेरोजगारी की चुनौती को भी दर्शाता है।

WhatsApp Group Join Now