गैरसैण - विधानसभा सत्र में विपक्ष का हंगामा, सचिव की टेबल पलटी, माइक तोड़ा, सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित Live
गैरसैण (भराड़ीसैंण) - उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस विधायकों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी।
विपक्ष का उग्र प्रदर्शन – माइक तोड़ा, टेबल पलटी -
सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सचिव की टेबल को पलटने का प्रयास किया और माइक तोड़ दिया। इसके साथ ही विपक्षी सदस्य वेल में उतर आए और कागज़ लहराते हुए जोरदार नारेबाजी करने लगे। यह दृश्य सदन की मर्यादा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।
तीन बार स्थगित हुई कार्यवाही -
हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही को पहले 11:40 बजे तक स्थगित किया गया। दोबारा कार्यवाही शुरू होते ही स्थिति सामान्य नहीं होने पर 10 मिनट की और स्थगन की घोषणा की गई। बाद में सदन को 12:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष का तीखा बयान -
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि “भाजपा के कुकृत्यों ने सदन को शर्मसार किया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और प्रशासन की लापरवाही से राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है, जिसका विरोध विपक्ष लगातार कर रहा है।
नियम 310 के तहत चर्चा की मांग -
कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालात पर नियम 310 के अंतर्गत विशेष चर्चा की मांग की। विपक्ष का कहना है कि जब तक इस मुद्दे पर गंभीरता से बहस नहीं होती, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।
अनुपूरक अनुदान मांगें भी टलीं -
सत्र के पहले दिन सरकार द्वारा पेश की जाने वाली अनुपूरक अनुदान मांगें भी विपक्षी हंगामे की भेंट चढ़ती दिखीं। हालांकि बीच-बीच में कार्यवाही को बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्ष का प्रदर्शन थमता नहीं दिखा।
प्रशासन पर विपक्ष का हमला -
पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर जनता में आक्रोश है। धराली आपदा, पंचायत चुनाव में धांधली और हाल की अन्य घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार को सदन में कठघरे में खड़ा करना चाहता है।
