हल्द्वानी - दिवाली के दिन पटाखा खरीदने घर से निकला था हर्ष, आठ दिन बाद मॉर्चरी में मिला शव, हत्या की आशंका

 | 
हल्द्वानी - दिवाली के दिन पटाखा खरीदने घर से निकला था हर्ष, आठ दिन बाद मॉर्चरी में मिला शव, हत्या की आशंका

हल्द्वानी - दीपावली की रात पटाखे खरीदने के लिए घर से निकले 16 वर्षीय किशोर का आठ दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किशोर का शव सोमवार को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) की मॉर्चरी में मिला। शव की पहचान वनभूलपुरा निवासी हर्ष के रूप में हुई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने दोस्तों के साथ विवाद और धमकी का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, वनभूलपुरा की सती कॉलोनी, शनि बाजार रोड निवासी दिनेश कुमार का 16 वर्षीय बेटा हर्ष आठ नवंबर को दीपावली की शाम करीब 1700 रुपये लेकर पटाखे खरीदने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। नौ नवंबर को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने एसटीएच में भर्ती एक अज्ञात घायल किशोर के बारे में जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन किशोर के मुंह में नली लगी होने और गंभीर हालत के कारण वे उसकी पहचान नहीं कर सके।

बताया गया कि उपचार के दौरान 15 नवंबर को किशोर की मौत हो गई थी। इसके बाद उसका शव एसटीएच की मॉर्चरी में रखवा दिया गया। सोमवार को परिजनों ने मॉर्चरी में शव की पहचान हर्ष के रूप में की। आठ दिनों से बेटे की तलाश कर रहे परिवार को उसकी मौत की जानकारी मिली तो घर में मातम छा गया।

दोस्तों के साथ विवाद और धमकी का आरोप - 
हर्ष की मां मोनिका ने बताया कि नौ नवंबर की रात कुछ युवक उनके घर आए थे। उन्होंने हर्ष के साथ स्कूटी से जाने की बात कही थी। इस दौरान एक युवक ने हर्ष को पीटने की धमकी भी दी थी। परिजनों को आशंका है कि दोस्तों के साथ हुए विवाद के चलते उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हुई है। उन्होंने कुछ युवकों पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने की मांग की है।

पुलिस ने स्कूटी कब्जे में ली, जांच जारी - 
कोतवाल वनभूलपुरा डीएस फर्त्याल ने बताया कि पुलिस ने संबंधित स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। हर्ष का दोस्तों के साथ कोई विवाद हुआ था या उसे धमकी दी गई थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now