ओखलकांडा - मवेशियों के लिए चारा लेने गई महिला का पैर फिसलने से हुई दर्दनाक मौत, अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई तुलसी देवी
पतलोट - ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम सभा हैड़ाखान में सोमवार को दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मवेशियों के लिए चारा लेने पहाड़ी पर गई महिला का पैर फिसल गया और वह चट्टान से नीचे जा गिरी। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हैड़ाखान निवासी तुलसी देवी (38) पत्नी हरीश सुयाल सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने घर के पास स्थित पहाड़ी पर गई थीं। दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों और पड़ोसियों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर तुलसी देवी मृत अवस्था में मिलीं।
बताया गया कि पहाड़ी से गिरने के दौरान उनके सिर पर ऊपर से गिरे पत्थरों से भी गहरी चोट आई थी, जिससे काफी खून बह गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई की। चिकित्सकों की टीम को भी मौके पर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने घटना पर दुख जताते हुए मौके पर चिकित्सकों की टीम भेजने के निर्देश दिए। प्रशासन से मृतका के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश देने की बात कही। वहीं ब्लॉक प्रमुख केड़ी रूवाली ने भी दुख जताया है।


