उत्तराखंड - स्वास्थ्य मंत्री के घर के बाहर नर्सिंग अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, दो अभ्यर्थियों ने फिनायल पीकर किया आत्मदाह का प्रयास

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास घेराव के दौरान बढ़ा तनाव, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को अस्पताल पहुंचाया
 
 | 
उत्तराखंड - स्वास्थ्य मंत्री के घर के बाहर नर्सिंग अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, दो अभ्यर्थियों ने फिनायल पीकर किया आत्मदाह का प्रयास

देहरादून -  वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर पिछले करीब सात माह से आंदोलन कर रहे नर्सिंग एकता मंच के प्रदर्शनकारियों का विरोध बुधवार को उग्र हो गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल के आवास का घेराव करने पहुंचे बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों पर समाधान नहीं निकलने से नाराजगी बढ़ गई। इस दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी ने कथित तौर पर फिनायल पी लिया, जबकि कुछ अन्य अभ्यर्थियों ने आत्मदाह का प्रयास किया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले अभ्यर्थी लंबे समय से वर्षवार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे पहले भी नर्सिंग अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया था। शासन स्तर से समाधान निकालने के प्रयास किए गए, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन सकी।

बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री आवास पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा। वहीं, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में मौके पर पहुंचीं। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है। वहीं, नर्सिंग अभ्यर्थियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

 

 

WhatsApp Group Join Now