नैनीताल - नरेश पांडे प्रकरण में नया मोड़, पहली शिकायतकर्ता युवती पुलिस हिरासत में, ब्लैकमेलिंग समेत गंभीर आरोप
नैनीताल - भवाली व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित मामले में गुरुवार को नया मोड़ सामने आया। मामले में सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली युवती को एक अन्य युवती की शिकायत के आधार पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। देर शाम तक पुलिस उससे पूछताछ करती रही।
गौरतलब है कि नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्रा ने नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में नरेश पांडे की अग्रिम जमानत याचिका पहले निचली अदालत और बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट से भी खारिज हो गई थी। इसके बाद वह फरार चल रहा था। इसी बीच एक अन्य युवती की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार देर रात नरेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जांच के दौरान सामने आई नई शिकायत में दूसरी युवती ने नरेश पांडे और पहली शिकायतकर्ता युवती पर ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण तथा जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर पुलिस ने पहली शिकायतकर्ता युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जा सकता है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले में संलिप्त युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
