नैनीताल - बकरीद पर नैनीताल के फ्लैट्स मैदान में नमाज की अनुमति, हाईकोर्ट ने मुस्लिम समुदाय को दी राहत
नैनीताल - बकरीद के मौके पर नैनीताल के फ्लैट्स मैदान (डीएसए मैदान) में सामूहिक नमाज अदा करने को लेकर चल रहे विवाद के बीच हाईकोर्ट ने मुस्लिम समुदाय को बड़ी राहत दी है। पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने सुनवाई के बाद मैदान में नमाज पढ़ने की अनुमति दे दी।
यह याचिका अंजुमन ए इस्लामिया की ओर से दायर की गई थी। दरअसल जिला प्रशासन ने पहले निर्देश जारी करते हुए कहा था कि ईद के अवसर पर डीएसए मैदान में सार्वजनिक रूप से नमाज अदा नहीं की जाएगी। प्रशासन ने मुस्लिम समुदाय से मस्जिदों, घरों और निजी परिसरों में ही नमाज पढ़ने की अपील की थी। प्रशासन के इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मैदान में नमाज की अनुमति प्रदान कर दी।
इससे पहले मल्लीताल कोतवाली में ईद की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारियों ने हर वर्ष की तरह डीएसए मैदान में सामूहिक नमाज कराने की मांग उठाई थी। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभागों से एनओसी और अन्य अनुमतियां मिलने के बाद ही आयोजन की अनुमति देने की बात कही थी।
पूरे दिन नमाज की अनुमति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। पहले डीएसए महासचिव की ओर से अनुमति दिए जाने का पत्र जारी किया गया, लेकिन बाद में दूसरा आदेश जारी कर अनुमति निरस्त कर दी गई। इसके बाद अंतिम निर्णय जिला प्रशासन पर छोड़ दिया गया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब बकरीद पर फ्लैट्स मैदान में सामूहिक नमाज का रास्ता साफ हो गया है।
